hi Hindi en English ur Urdu
उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश: लेखपाल एवं बीएड परीक्षाओं में सरकार की कड़ी सख्ती, एआई निगरानी से होगी लाइव मॉनिटरिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा और संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 को लेकर शासन ने सुरक्षा, पारदर्शिता और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान एआई निगरानी के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था होगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचा जा सके।

कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने मंगलवार को दोनों परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए कि परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर पूरी सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न की जानी चाहिए। जहां परीक्षार्थियों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त सुरक्षा और सतर्कता बरती जाएगी।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों को गहन प्रशिक्षण देने पर जोर दिया ताकि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। कृषि उत्पादन आयुक्त ने गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय वस्तुओं का संपूर्ण नियंत्रण केंद्रों तक सुरक्षित ढंग से किया जाए और समय से पूर्व कोई रिसाव न हो।

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग बेहद गंभीरता से की जाएगी। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और परीक्षा केंद्रों पर भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सख्त नजर रखी जाएगी और स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय करने के लिए उपाय किए जाएंगे। मौसम की गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली, पेयजल व्यवस्था और आपातकालीन मेडिकल सुविधाओं का विशेष इंतजाम किया जाएगा। नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा और ओआरएस एवं अन्य महत्वपूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत ने बताया कि लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में कुल 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ एवं झांसी जैसे बड़े जिलों में दस हजार से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने कहा कि संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए इस वर्ष कुल 4,44,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक हैं। परीक्षा प्रदेश के 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें लगभग 61 प्रतिशत अभ्यर्थी महिलाएं और 39 प्रतिशत पुरुष हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा एआई इनेबल्ड सर्विलांस सिस्टम की मदद से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी होगी।

यह सिस्टम किसी भी अनधिकृत गतिविधि, भीड़-भाड़ या विवाद की स्थिति पर तुरंत अलर्ट जारी करेगा। दोनों परीक्षाओं में बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन तकनीक से अभ्यर्थियों की उपस्थिति की पुष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो सके। इस प्रकार शासन द्वारा लगाई गई सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था से परीक्षाओं में धांधली और धोखाधड़ी की संभावना न्यूनतम हो जाएगी।

Source

Related Articles

Back to top button