hi Hindi en English ur Urdu
उत्तर प्रदेश

तेज आंधी और बारिश से नोएडा में भारी नुकसान, करीब 400 पेड़ गिरे, राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी

नोएडा। गुरुवार को नोएडा और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, बारिश और तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अचानक मौसम में बदलाव के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे यातायात बाधित हुआ और आवागमन में कठिनाइयां पैदा हुईं। प्रांरभिक जानकारी के अनुसार लगभग 400 पेड़ इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आ गए।

नोएडा प्राधिकरण ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आपातकालीन राहत कार्य शुरू कर दिया है। शहर के विभिन्न सेक्टरों में पहुंचकर टीमें सड़क से गिरे हुए पेड़ों को हटाने में लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी अवरोध हो, उसे तुरंत दूर किया जा रहा है।

राहत एवं सफाई कर्मी दिन-रात एक करके इस आपदा के प्रभाव को कम करने का प्रयास कर रहे हैं। प्राधिकरण ने बताया है कि रात तक सभी मुख्य मार्गों और आवासीय इलाकों की सड़कों पर पड़े पेड़ों तथा शाखाओं को पूरी तरह साफ कर यातायात सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।

वहीं, अन्य विभागों को भी सतर्क रखा गया है, जो जल निकासी, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हैं। तेज हवा के कारण बिजली के तारों और खंभों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने नागरिकों से निवेदन किया है कि वे विशेष सावधानी बरतें और किसी टूटे हुए पेड़, लटकती शाखा या बिजली के तार के करीब जाने से बचें। आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।

नोएडा प्राधिकरण ने लोगों के सहयोग की भी प्रशंसा की है और कहा है कि शहर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना सभी का साझा दायित्व है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव की आशंका जताई है, इसलिए सभी से सतर्क रहने एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Source

Related Articles

Back to top button