बकरीद को लेकर बांदा प्रशासन हुआ चौकस, खुले में कुर्बानी और प्रतिबंधित पशुओं पर सख्त रोक

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बकरीद पर्व को शांति और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरत ली है। त्योहार के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग एवं समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कुर्बानी से संबंधित सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि जिला स्तर के साथ-साथ सभी उपजिलाधिकारी एवं एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें कर चुके हैं। इन बैठकों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली सुविधा और अन्य जरूरी प्रबंधों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता को कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशु खालिसा थानों में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और खुले स्थानों पर भी किसी प्रकार की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक होगी। यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं त्योहार को शांतिपूर्ण रूप से मनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कुर्बानी के पश्चात उत्पन्न होने वाले कूड़े-करकट के उचित निपटान को लेकर भी प्रशासन और नगरपालिका के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया है ताकि जिले में स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शांति समिति की बैठक में उपस्थित लोगों द्वारा उठाए गए सवालों और सुझावों को गंभीरता से लिया गया है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बैठक में सामने आए सभी मुद्दों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और उन्हें दो दिनों के अंदर समाधान निकालने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बकरीद के पावन अवसर को भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें ताकि यह त्योहार सभी के लिए खुशहाल और सुरक्षित बन सके।




