अखिलेश यादव की बड़ी मांग: भाजपा और उसके संगी-साथियों की भी हो कानूनी जांच

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके संगी-साथियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि असली हथियारों के लाइसेंस की तरह देश, समाज और आपसी सौहार्द को हानि पहुंचाने वाले ‘अदृश्य शस्त्रों’ की भी कानूनी जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों के निर्माण, चंदे, संपत्तियों, विदेश यात्रा और कथित गुप्त गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर उनका पूरा हिसाब जनता के सामने लाया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि असली हथियारों के लाइसेंस होते हैं, लेकिन कुछ अदृश्य हथियार भी हैं जो देश और समाज के लिए अंदरूनी तौर पर खतरनाक साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वकील और जनता मिलकर सवाल उठा रहे हैं कि भाजपा नेताओं के घर, दुकान, कार्यालय और प्रतिष्ठान के कागज-नक्शों की वैधता की जांच भी की जानी चाहिए। इसके साथ ही भाजपा तथा उनके संगी-साथियों के निर्माणों, आयोजनों और आपदाओं के नाम पर इकट्ठा किए गए चंदे का लेखा-जोखा भी स्पष्ट होना चाहिए।
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता यह भी जानना चाहती है कि बिना पंजीकृत लोगों द्वारा ली गई जमीनें और किए गए निर्माण किसके नाम पर हैं और ये संपत्तियां कैसे बेनामी नहीं मानी जा रही हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि गुप्त गतिविधियों में शामिल भाजपा के सहयोगी अपने कार्यालयों को ‘अड्डा’ क्यों कहते हैं और इनका खर्चा कौन उठाता है। अखिलेश यादव ने इन लोगों के विदेशी दौरे और उनके सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कार्यों को भी गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि वकील यह भी पूछ रहे हैं कि ये संगी-साथी किन नई साजिशों के तहत ‘मानस के मान’ पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने बिजली संकट को लेकर भी भाजपा की नीतियों पर कड़ी आलोचना की और कहा कि बिजली विभाग के कनिष्ठ कर्मचारियों और लाइनमैन को जनता अपना गुस्सा नहीं निकालनी चाहिए, क्योंकि वे पहले से ही दबाव में काम कर रहे हैं। इस बिजली संकट के लिए भाजपा सरकार, बिजली मंत्री और अन्य राजनीतिक अधिकारी और भ्रष्ट ठेकेदार जिम्मेदार हैं, जिनसे सवाल मिलने चाहिए।
अखिलेश यादव ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने घरों में बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बिजली आने पर मोबाइल चार्ज कर लें और टॉर्च तैयार रखें। उन्होंने आगाह किया कि अंधकार का फायदा उठा कर कोई असामाजिक तत्व घरों और वाहनों को नुकसान न पहुंचाए और पशुओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।




